पुलिस कमिश्ररेट लखनऊ की नई पहल: नशीले पदार्थों की तस्करी पर सख्त प्रहार : नशा और मानव तस्करी के रोकथाम हेतु नई ऑर्गेनाइज़्ड क्राइम हेल्पलाइन न0 जारी – 7839861034______________

उ0प्र0 सरकार की संगठित अपराध व  अपराधियो के विरुद्ध जीरो टालरेंस नीति के तहत श्रीमान् पुलिस आयुक्त महोदय लखनऊ के निर्देशन और श्रीमान् संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच, लखनऊ पुलिस के द्वारा संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा नशीले पदार्थों की तस्करी पर सख्त प्रहार करते हुए एवं जनसहभागिता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक नई पहल के अंतर्गत दिनांक 24/04/2026 को ऑर्गेनाइज़्ड क्राइम हेल्पलाइन नंबर 7839861034 का शुभारंभ किया गया है।

इस हेल्पलाइन के माध्यम से आम नागरिक अपने क्षेत्र में हो रही आपराधिक गतिविधियों, विशेष रूप से नशा तस्करी, मानव तस्करी एवं अन्य संगठित अपराधो से संबंधित सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रूप से साझा कर सकते हैं। प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नई हेल्पलाइन के साथ-साथ क्राइम ब्रांच, कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा आमजन को विभिन्न प्रकार के संगठित अपराधों एवं साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक नया ट्विटर (X) हैंडल @Crime_branchlko भी प्रारंभ किया गया है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से समय-समय पर नशा तस्करी, मानव तस्करी, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल/मैसेज, डिजिटल ठगी आदि से संबंधित सावधानियां, बचाव के उपाय एवं महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश साझा किए जाएंगे। साथ ही नागरिकों को संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने तथा समय रहते सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सुश्री किरन यादव, आईपीएस, अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध), लखनऊ ने बताया कि यह पहल नागरिकों को संगठित अपराध के विरुद्ध सक्रिय भूमिका निभाने व पुलिस के सहयोग के लिए प्रोत्साहित करेगी तथा शहर को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी। यह हेल्पलाइन न0 24*7 संचालित रहेगी। हमारे द्वारा यह भी सुनिश्चित किया गया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही, महत्वपूर्ण एवं विश्वसनीय सूचना प्रदान करने वाले व्यक्तियों को उचित पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। आपकी एक सूचना, एक बड़े अपराध को रोक सकती है।

उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे बिना किसी भय के आगे आएं और इस हेल्पलाइन का उपयोग करते हुए अपने क्षेत्र में हो रही आपराधिक गतिविधियों की जानकारी साझा करें।

(किरन यादव)
अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध),
पुलिस कमिश्नरेट, लखनऊ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!